देहरादून। देहरादून के डोईवाला में दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के दौरान मृतका का वह वीडियो भी सामने आया, जिसमें उसने शादी के बाद लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। डोईवाला क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में दून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मामला दहेज हत्या से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई को श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
शिकायत में पति, सास और ननद पर सृष्टि की हत्या करने का आरोप लगाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की मां सहित अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इस बीच मृतका द्वारा घटना से पहले अपनी मां को भेजा गया एक वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा, जिसमें उसने शादी के बाद से लगातार हो रहे उत्पीड़न और दहेज के लिए प्रताड़ना की आपबीती बताई थी। इस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 1 अगस्त को नामजद आरोपी पति सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






