पिथौरागढ़/अल्मोड़ा/टिहरी। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान दर्दनाक हादसों की श्रृंखला सामने आई है, जहां अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। गहरी खाई में वाहन गिरने, ट्रक में व्यक्ति के फंसने और भूस्खलन की घटनाओं में मृतकों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद SDRF उत्तराखंड की टीमों ने बरामद किया। लगातार हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों की चुनौतियों और जोखिमों को उजागर कर दिया है। पहला मामला पिथौरागढ़ जनपद में 22 फरवरी की शाम घाट के पास एक महिंद्रा एक्सयूवी 300 वाहन (UK06AZ8788) करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही SDRF टीम एएसआई महिपाल सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और जिला पुलिस व राजस्व पुलिस के साथ संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान एक महिला और एक पुरुष के शव खाई से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किए गए।

दूसरा मामला अल्मोड़ा जिले में बिनसर से लगभग तीन किलोमीटर आगे ताकुला रोड पर एक ट्रक और बैरिकेड के बीच फंसे व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। SDRF टीम मुख्य आरक्षी नवीन सिंह कुंवर के नेतृत्व में घटनास्थल पहुंची और आवश्यक उपकरणों की मदद से शव को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला। मृतक की पहचान भूपेन्द्र सिंह (42 वर्ष), निवासी भिवानी हरियाणा के रूप में हुई है। तीसरा मामला टिहरी के तोताघाटी क्षेत्र में भूस्खलन के कारण ट्रक के ऊपर भारी मलबा और पत्थर गिर गए, जिससे चालक के केबिन में फंसने की सूचना मिली। SDRF टीम उप निरीक्षक सावर सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे ट्रक से चालक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान मुरारी लाल (लगभग 55 वर्ष), निवासी चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है।







