देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तराखंड के हवाई संपर्क को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चार नई हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के माध्यम से अब देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर, मसूरी और हल्द्वानी से बागेश्वर का हवाई संपर्क स्थापित हो गया है। इस पहल से राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू की गई ये सेवाएं राज्य में आवागमन को आसान बनाने के साथ ही आपातकालीन स्थिति में एक जीवनरेखा के रूप में कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी पहुंचने में सड़क मार्ग से 8 से 10 घंटे लगते थे, लेकिन इन हेली सेवाओं से यह यात्रा केवल 1 घंटे में पूरी हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर हवाई संपर्क से राज्य के पर्यटन स्थलों की पहुंच आसान होगी, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

नैनीताल अपनी खूबसूरत झीलों और धार्मिक स्थलों के लिए प्रसिद्ध है, वहीं बागेश्वर सरयू और गोमती नदी के संगम पर स्थित है, जहां का बागनाथ मंदिर और उत्तरायणी मेला विशेष आकर्षण का केंद्र है। मसूरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वादियों के लिए जानी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई सेवाओं के विस्तार से इन क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार के प्रयासों से अब तक गौचर, श्रीनगर, चिन्यालीसौड़, हल्द्वानी, मुनस्यारी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को हवाई सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए हवाई संपर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेली सेवाओं का लाभ उठाने वाले यात्रियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की और उनकी प्रतिक्रिया जानी।

इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और यात्रियों ने सरकार के इस कदम की सराहना की और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। देहरादून से मसूरी के बीच की हेली सेवा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत संचालित होगी, जबकि अन्य तीन सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत चलाई जाएंगी। देहरादून-मसूरी रूट पर पांच सीटर हेलीकॉप्टर और अन्य रूट पर सात सीटर हेलीकॉप्टर उड़ान भरेंगे। ये सेवाएं सप्ताह के सातों दिन दो बार संचालित होंगी, जिससे यात्रियों को नियमित और सुगम हवाई संपर्क की सुविधा मिलेगी। देहरादून से नैनीताल का किराया प्रति यात्री ₹4500 होगा, जबकि देहरादून से बागेश्वर के लिए ₹4000 और हल्द्वानी से बागेश्वर के लिए ₹3500 किराया निर्धारित किया गया है। देहरादून से मसूरी के लिए किराया ₹2578 होगा। देहरादून से नैनीताल की पहली उड़ान सुबह 8:15 बजे और दूसरी दोपहर 2:25 बजे होगी। इसी तरह अन्य रूटों के लिए भी उड़ानों का समय तय किया गया है।






