रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के मुनकटिया लैंडस्लाइड जोन में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब ऊपर से गिरे भारी पत्थरों की चपेट में आने से एक मैक्स बोलेरो वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में कुल 11 यात्री सवार थे। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम राहत एवं बचाव सामग्री के साथ मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित निकालकर सोनप्रयाग अस्पताल में भर्ती कराया। SDRF की त्वरित कार्रवाई ने कई जिंदगियों को बचाया, वहीं इस हादसे ने पहाड़ी इलाकों में हो रहे लगातार भूस्खलनों की भयावहता को एक बार फिर उजागर कर दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और लैंडस्लाइड जोन में अनावश्यक रूप से रुकने से बचें।








