देहरादून। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर हल्द्वानी शहर की कई प्रमुख समस्याओं और विकास योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने श्री राम कैंसर इंस्टीट्यूट को वन विभाग से अनुमति मिलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और शहर के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री से हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में बिष्ट ने हल्द्वानी के सिटी फॉरेस्ट, दमवाढुंगा क्षेत्र में गैस पाइपलाइन, खेल विश्वविद्यालय की स्थापना, और गौशाला जैसी परियोजनाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी हल्द्वानी के विकास को लेकर बेहद गंभीर हैं और इन सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। बिष्ट ने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति की समस्याओं के निराकरण के लिए वे हमेशा तत्पर रहते हैं, और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयासरत हैं।