रुद्रपुर। उत्तराखंड को अपराधमुक्त बनाने के अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय अवैध असलाह तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई इस कार्रवाई में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं, जिनके तार जम्मू-कश्मीर तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सितारगंज क्षेत्र में एसओजी रुद्रपुर और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस से बचने के प्रयास में वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी में उनके कब्जे से पोनिया राइफल, रिवॉल्वर, तमंचे और सैकड़ों जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुए, जो एक बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करते हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई करते थे और पुलिस दबाव के चलते हथियारों को जंगल में छिपाने जा रहे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि उनके संपर्क जम्मू-कश्मीर के कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़े हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अब इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और बैंकिंग ट्रेल के जरिए पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि अन्य सहयोगियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा है कि जनपद में अवैध हथियारों का कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई न सिर्फ पुलिस की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि संगठित अपराध के खिलाफ कड़े रुख का भी संकेत है।






