बरेली। होली पर्व के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल द्वारा लालकुआं–राजकोट–लालकुआं साप्ताहिक होली विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह विशेष गाड़ी कुल पांच फेरों के लिए संचालित की जाएगी, जिससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार 05045 लालकुआं–राजकोट होली विशेष ट्रेन 01 से 29 मार्च 2026 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से चलेगी, जबकि वापसी में 05046 राजकोट–लालकुआं होली विशेष ट्रेन 02 से 30 मार्च 2026 तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। यह ट्रेन लालकुआं से दोपहर 12:35 बजे प्रस्थान कर किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली जंक्शन, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर, जालोर, महेसाणा, वीरमगाम, सुरेन्द्रनगर और वांकानेर होते हुए अगले दिन शाम 18:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में यह ट्रेन राजकोट से रात 22:30 बजे प्रस्थान कर वांकानेर, सुरेन्द्रनगर, महेसाणा, जोधपुर, जयपुर, मथुरा, कासगंज, बरेली जंक्शन, इज्जतनगर, भोजीपुरा, बहेड़ी और किच्छा होते हुए तीसरे दिन सुबह 05:15 बजे लालकुआं पहुंचेगी। इस होली विशेष ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसएलआरडी के 2, शयनयान श्रेणी के 11, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के 2, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का 1 और सामान्य द्वितीय श्रेणी के 4 कोच शामिल होंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते आरक्षण कराकर इस विशेष सेवा का लाभ उठाएं।









