हल्द्वानी। पवित्र रमज़ान माह के मद्देनज़र बनभूलपुरा क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में लागू रात्रिकालीन पाबंदी हटाने की मांग उठाई है। प्रतिनिधिमंडल ने बनभूलपुरा क्षेत्र के लोगों की धार्मिक गतिविधियों और सहरी के दौरान होने वाली आवाजाही को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी के एसपी सिटी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि रमज़ान इबादत और आध्यात्मिक साधना का महीना होता है, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोग देर रात तक मस्जिदों में नमाज़ अदा करने, तरावीह पढ़ने और सहरी की तैयारी के लिए आवाजाही करते हैं। ऐसे में रात के समय बाजारों और दुकानों पर सीमित गतिविधि भी स्वाभाविक रूप से बनी रहती है, जिससे किसी प्रकार की कानून व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं होती।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के लोग हमेशा कानून का पालन करते हुए रमज़ान का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाते हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि रात्रि पाबंदी के कारण लोगों को सहरी और धार्मिक गतिविधियों में अनावश्यक कठिनाई का सामना करना पड़ता है, इसलिए रमज़ान माह के दौरान विशेष राहत दी जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से अनुरोध किया कि पवित्र महीने की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए रात की पाबंदी हटाकर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन सकारात्मक निर्णय लेकर लोगों की सुविधा सुनिश्चित करेगा।






