हल्द्वानी। काठगोदाम रेलवे स्टेशन के ठीक सामने नगर निगम की दुकानों के ऊपर बनाए गए अवैध निर्माण के खिलाफ मंगलवार को नगर निगम और प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर भारी विरोध शुरू हो गया, लेकिन प्रशासन ने किसी दबाव में आए बिना अवैध ढांचे को जमींदोज कर दिया। प्रशासनिक कार्रवाई का स्थानीय भाजपा नेता व मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट ने कड़ा विरोध करते हुए आरोप लगाया कि यह कार्रवाई गरीब दुकानदारों को परेशान करने के उद्देश्य से की जा रही है। वहीं नगर निगम की नगर आयुक्त रिचा सिंह ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2016 में दुकानों को परमिशन दी गई थी, लेकिन वर्ष 2025 में बिना अनुमति के निर्माण किया गया, जो नियमों के पूर्णत: खिलाफ है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि अवैध निर्माण चाहे किसी भी स्तर पर हो, उसे नहीं बख्शा जाएगा। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की दुकानों के बगल में बन एक अवैध होटल के ढांचे को भी मौके पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर में अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण की यह कार्रवाई न केवल अवैध निर्माणकर्ताओं के लिए चेतावनी है, बल्कि शहर में नियोजित विकास और विधि के शासन की दिशा में एक सख्त संदेश भी है।






