12 साल बाद फिर चर्चा में आया हल्द्वानी का कशिश हत्याकांड, परिजनों ने उठाई न्याय की मांग

  • सुप्रीम कोर्ट से मुख्य आरोपी के बरी होने के बाद पीड़ित परिवार ने सरकार पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
  • 20 नवंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी। उत्तराखंड में अंकिता और जैनी से जुड़े मामलों के बीच हल्द्वानी का 12 साल पुराना कशिश हत्याकांड एक बार फिर चर्चा में आ गया है। वर्ष 2014 में छह वर्षीय मासूम कशिश की हत्या के मामले में परिजनों ने एक बार फिर न्याय की मांग उठाई है। कशिश के पिता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भावुक होते हुए सरकार से मामले में ठोस कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। परिजनों के मुताबिक, इस मामले में मुख्य आरोपी अख्तर अली को सुप्रीम कोर्ट से बरी किए जाने के बाद परिवार की न्याय की उम्मीदों को झटका लगा है। कशिश के पिता ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले सुप्रीम कोर्ट में रिव्यू पिटीशन दाखिल करने की बात कही थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है।

12 साल बाद फिर चर्चा में आया हल्द्वानी का कशिश हत्याकांड, परिजनों ने उठाई न्याय की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कशिश के पिता ने सवाल उठाया कि जैनी के मामले में कार्रवाई की जा रही है, लेकिन उत्तराखंड की बेटी कशिश के मामले में चुप्पी क्यों है? उन्होंने कहा कि उनका परिवार पिछले 12 वर्षों से न्याय की आस लगाए बैठा है, लेकिन अब तक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में पुनर्विचार याचिका दाखिल करने सहित न्याय के लिए ठोस पहल नहीं की तो 20 नवंबर से प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा। कशिश के परिवार ने सरकार से अपने पूर्व आश्वासन को पूरा करने और मामले में न्यायिक विकल्पों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।

Advertisement

Read more

Local News