- नाम परिवर्तन में देरी, फिटनेस फीस और जीपीएस की अनिवार्यता से राहत देने की मांग
- वाहनों की भार क्षमता पूर्व निर्धारित मानकों के अनुसार तय करने की उठाई आवाज
हल्द्वानी। गौला खनन का नया सत्र शुरू होने के साथ ही खनन कार्य से जुड़े वाहन स्वामियों की समस्याएं भी सामने आने लगी हैं। विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गौला वाहन स्वामियों ने गौला खनन मजदूर उत्थान समिति (रजि.) के बैनर तले एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी नैनीताल को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सौंपा। वाहन स्वामियों ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट और गहरा सकता है। ज्ञापन में वाहन स्वामियों ने बताया कि वे गौला खनन कार्य से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन नए खनन सत्र के दौरान कई व्यावहारिक और आर्थिक समस्याओं के चलते वाहन संचालन शुरू करने में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने वाहनों के स्वामित्व परिवर्तन यानी नामांतरण की प्रक्रिया में हो रही देरी को जल्द दूर करने की मांग की, ताकि वाहन स्वामी समय पर अपना काम शुरू कर सकें।

वाहन स्वामियों ने फिटनेस फीस में पूर्व की भांति छूट देने और वाहनों में जीपीएस लगाने की अनिवार्यता से भी पहले की तरह राहत प्रदान करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि इन व्यवस्थाओं के चलते वाहन स्वामियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा गौला खनन में वाहनों की भार क्षमता पूर्व में स्वीकृत मानकों के अनुसार निर्धारित करने की मांग की गई। ज्ञापन में डंपर की क्षमता 120 कुंतल, टिप्पर की 100 कुंतल और ट्रैक्टर की 80 कुंतल निर्धारित किए जाने की मांग रखी गई। समिति के बैनर तले पहुंचे वाहन स्वामियों ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देने की अपील की। उनका कहना है कि गौला खनन से हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है, ऐसे में इन मांगों पर जल्द निर्णय लेकर वाहन स्वामियों को राहत दी जानी चाहिए।









