होटल की NOC के लिए मांगी 20 हजार की रिश्वत, 6 हजार रुपये लेते अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार

देहरादून/कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित एक होटल की फायर NOC जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोटद्वार फायर स्टेशन के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बुधवार को आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने अपने लैंसडाउन स्थित होटल की अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए फायर स्टेशन कोटद्वार में संपर्क किया था। 

होटल की NOC के लिए मांगी 20 हजार की रिश्वत, 6 हजार रुपये लेते अग्निशमन अधिकारी गिरफ्तार

आरोप है कि इस कार्य के एवज में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भूपेश त्यागी ने उससे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टया ट्रैप कार्रवाई के योग्य पाई गई।इसके बाद थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में अभियोग पंजीकृत कराया गया। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए भूपेश त्यागी, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (लीडिंग फायरमैन), को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में सतर्कता विभाग की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Read more

Local News