हल्द्वानी। शहर की खूबसूरती, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान को सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल ‘हमारा हल्द्वानी रील प्रतियोगिता-2026’ का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में 183 युवाओं और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स ने हिस्सा लेकर अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित करने के साथ ही सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य हल्द्वानी की स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ शहर की खूबसूरती और विशेषताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई पहचान दिलाना है।

प्रतिभागियों ने अपनी रील्स के माध्यम से शहर की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों, स्थानीय खानपान, व्यापार, कला-संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया शहर की पहचान को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। ऐसे आयोजनों से हल्द्वानी की सकारात्मक छवि को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 183 प्रतिभागियों ने अपनी रील्स प्रस्तुत कीं। निर्णायक मंडल के मूल्यांकन के बाद दीप चन्द्र भट्ट ने प्रथम, हेमन्त सिंह बिष्ट ने द्वितीय और मो. आसिम मिकरानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान शहर के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ संवाद भी किया गया। इसमें डिजिटल माध्यमों के जरिए हल्द्वानी की पहचान को और अधिक मजबूत बनाने तथा शहर की सकारात्मक छवि को व्यापक स्तर पर पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श हुआ। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में युवाओं की भागीदारी ने शहर की रचनात्मक क्षमता को सामने लाने का काम किया है। कार्यक्रम में पूर्व महापौर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, जिला महामंत्री रंजन बर्गली, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सोशल मीडिया संयोजक भुवन जोशी, वरिष्ठ वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुल्याल, सचिन साह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
