- चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर मिला बोनस
- दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा बोले—उत्पादकों के हित सर्वोपरि
लालकुआं। दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने बिंदुखत्ता क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी है। क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को कुल 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद पर बोनस मिलने से उत्पादकों में खुशी का माहौल है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों और महिलाओं ने भाग लिया। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में दुग्ध उत्पादकों की अहम भूमिका है और इस व्यवसाय में महिलाओं का योगदान भी सराहनीय है।

बिंदुखत्ता की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों के सदस्यों को बोनस वितरित किया गया। मुकेश बोरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस देना उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का प्रयास है। उन्होंने उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्यों, समिति पदाधिकारियों, अधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक मौजूद रहे। बोनस मिलने पर उत्पादकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।
