- सार्वजनिक स्थान पर बस चालक के साथ मारपीट का मामला
- पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर की वैधानिक कार्रवाई
पुलभट्टा। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी ट्रक चालक हैं और घटना के समय सार्वजनिक स्थान पर रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की गई थी। मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर 2026 को पुलभट्टा थाना क्षेत्र में रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ खान निवासी शंकर फार्म, सावेज खान निवासी शंकर फार्म और रिजवान निवासी नई सुनहरी, किच्छा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी ट्रक चालक हैं। प्रारंभिक जांच में उनके खिलाफ पूर्व में किसी आपराधिक मामले का रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ धारा 172 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना के दौरान रोडवेज बस में अन्य यात्री भी मौजूद थे, जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचना था। इसी कारण बस चालक ने तत्काल पुलिस को तहरीर नहीं दी और बस को आगे रवाना कर दिया। पुलिस ने बताया कि यदि रोडवेज बस चालक की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर अलग से अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
