- सरकारी नल के पास युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
- उपचार के दौरान रोहित की मौत
- पुलिस ने दोनों आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक के पास से पकड़ा
खटीमा। खटीमा कोतवाली क्षेत्र के खेतलसंडा खाम में मारपीट के बाद एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सरकारी नल के पास पानी लेने गई युवती से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पिता रोहित के साथ मारपीट की गई थी। उपचार के लिए ले जाते समय 28 सितंबर को रोहित की मौत हो गई। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने 29 सितंबर को दोनों आरोपियों को पुराने रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर को खेतलसंडा खाम स्थित सरकारी नल के पास एक युवती पानी लेने गई थी। इसी दौरान उसके साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। युवती के पिता रोहित ने इसका विरोध किया तो नामजद आरोपी संजय और सुभाष ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की। तहरीर के मुताबिक, संजय ने चारपाई की पाटी से रोहित के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए विभिन्न चिकित्सालयों में भर्ती कराया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय 28 सितंबर को करीब नौ बजे उनकी मौत हो गई। रोहित की मौत के बाद वादिनी की तहरीर पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 117(2), 3(5) और 74 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ सुरागरसी-पतारसी शुरू की गई। पुलिस के लगातार प्रयासों के बीच 29 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने खेतलसंडा स्थित पुराने रेलवे फाटक के पास दबिश दी। यहां से पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेतलसंडा खाम निवासी 33 वर्षीय सुभाष पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे और 35 वर्षीय संजय पुत्र स्वर्गीय रामभरोसे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों को 30 सितंबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, हेड कांस्टेबल गणेश कुमार और कांस्टेबल चालक कुलदीप सिंह शामिल रहे।
