- पुलिस मुख्यालय ने जारी किया स्थानांतरण आदेश
- अनुकम्पा और जनहित के आधार पर तत्काल प्रभाव से नई तैनाती
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को तीन पुलिस उपाधीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। महानिदेशक पुलिस कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार तीनों अधिकारियों को उनकी वर्तमान तैनाती से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह स्थानांतरण अनुकम्पा और जनहित के आधार पर किए गए हैं और आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार राकेश बिष्ट, जो वर्तमान में उत्तराखंड हाईकोर्ट सुरक्षा, नैनीताल में तैनात थे, को एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र में भेजा गया है। उनका स्थानांतरण अनुकम्पा के आधार पर किया गया है।

इसी क्रम में मनीष शर्मा, जो वर्तमान में जनपद बागेश्वर में तैनात थे, का स्थानांतरण सीबीसीआईडी खंड, हल्द्वानी के लिए किया गया है। उनका तबादला भी अनुकम्पा के आधार पर किया गया है। वहीं स्वप्निल मुयाल, जो वर्तमान में जनपद देहरादून में तैनात थे, को सतर्कता मुख्यालय, देहरादून में नई जिम्मेदारी दी गई है। उनका स्थानांतरण जनहित के आधार पर किया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
