- 23 सितंबर को अधिसूचना
- 25 को नामांकन और 26 सितंबर को जांच व नाम वापसी
- 28 सितंबर शाम चार बजे थमेगा प्रचार
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के छात्रसंघ चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव 29 सितंबर को कराए जाएंगे। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार 23 सितंबर को चुनाव अधिसूचना जारी होगी, जबकि मतदान के बाद उसी दिन मतगणना, परिणाम की घोषणा और शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 24 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 26 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि इसी दिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक प्रत्याशी नाम वापस ले सकेंगे। 28 सितंबर को जिला प्रशासन की स्वीकृति मिलने की स्थिति में छात्रों की आमसभा सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित की जाएगी।

चुनाव प्रचार 28 सितंबर की शाम चार बजे के बाद पूरी तरह बंद करना होगा। इसके बाद 29 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित करने के साथ शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने छात्रसंघ के विभिन्न पदों की संरचना भी निर्धारित की है। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष छात्र, उपाध्यक्ष छात्राओं के लिए आरक्षित, सचिव, संयुक्त सचिव छात्राओं के लिए आरक्षित, कोषाध्यक्ष छात्राओं के लिए आरक्षित और सांस्कृतिक सचिव के एक-एक पद शामिल हैं। इसके अलावा प्रत्येक संकाय से एक संकाय प्रतिनिधि और एक विश्वविद्यालय प्रतिनिधि का चुनाव होगा। चुनाव खर्च को लेकर जारी निर्देशों में छात्र संख्या के आधार पर अधिकतम सीमा तय की गई है। 10 हजार से कम छात्र संख्या वाले संस्थानों में अधिकतम 25 हजार रुपये और 10 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले संस्थानों में अधिकतम 50 हजार रुपये खर्च किए जा सकेंगे। चुनाव प्रचार में पोस्टर, बैनर और पैम्पलेट समेत प्रचार सामग्री हस्तनिर्मित रखने का प्रावधान भी आदेश में दोहराया गया है। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित परिसर निदेशकों, अधिष्ठाता छात्र कल्याण, प्राचार्यों और छात्रसंघ प्रभारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश के बाद विश्वविद्यालय से जुड़े परिसरों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।




