शिमला चोरी का माल रुद्रपुर में बरामद, चार आबकारी कर्मी गिरफ्तार

  • हिमाचल पुलिस के साथ ऊधम सिंह नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
  • लाखों के आभूषण और नकदी बरामद होने का दावा

रुद्रपुर। हिमाचल प्रदेश के शिमला में हुई चोरी के मामले की जांच करते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस और हिमाचल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में चार आबकारी कर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर चेकिंग के दौरान बरामद चोरी की संपत्ति को अपने पास रखने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से शिमला चोरी प्रकरण से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नकदी बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के मुताबिक शिमला के सदर थाना क्षेत्र में 8 सितंबर को दर्ज मुकदमे में एक आवास से नकदी, सोने-हीरे के आभूषण, घड़ियां और अन्य कीमती सामान चोरी होने की शिकायत थी। मामले की जांच के दौरान एक नेपाली महिला समेत कुछ संदिग्धों के बारे में जानकारी सामने आई। हिमाचल पुलिस ने मामले की जांच में ऊधम सिंह नगर पुलिस से सहयोग मांगा था। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पंतनगर और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और संदिग्धों के आवागमन की जानकारी जुटाकर जांच आगे बढ़ाई। 

Advertisement
Advertisement

पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि चोरी के बाद संदिग्ध शिमला से दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर जा रहे थे। जांच के दौरान रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट से पुलिस को अहम सुराग मिला। पुलिस के अनुसार 8 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे आबकारी कर्मियों ने उक्त कार को चेकिंग के लिए रोका था। वाहन और उसमें सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उनकी चेकिंग की गई। पुलिस का दावा है कि बाद की जांच और पूछताछ में चोरी की संपत्ति को अपने पास रखने के मामले में चार आबकारी कर्मियों की भूमिका सामने आई। पुलिस के अनुसार बलजीत सिंह निवासी किच्छा, नईम निवासी केलाखेड़ा, पप्पू लाल निवासी गदरपुर और देवेंद्र कुमार निवासी मालधनचौड़ को हिमाचल पुलिस और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 20 सितंबर की रात गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से शिमला चोरी के मामले से संबंधित बहुमूल्य संपत्ति बरामद होने का दावा किया गया है।गिरफ्तारी और बरामदगी से जुड़ी आवश्यक कानूनी कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मामले में चोरी की संपत्ति के स्रोत, उसे आरोपियों के कब्जे में आने और अन्य संदिग्धों की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच जारी है।

Read more

Local News