- 05074/05073 विशेष ट्रेन का संचालन खत्म
- अब 15302/15301 साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में चलेगी
- कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी रेल सेवा
लालकुआं। लालकुआं से बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। इज्जतनगर मंडल के अनुसार लालकुआं–क्रान्तिवीर संगोल्लि रायाण्ण (बेंगलुरु सिटी) के बीच संचालित साप्ताहिक विशेष ट्रेन अब नियमित सेवा में बदल गई है। शनिवार से यह ट्रेन 15302/15301 साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में नियमित रूप से संचालित होगी। रेलवे के मुताबिक नियमित होने के बाद यह साप्ताहिक एक्सप्रेस लालकुआं से बेंगलुरु के बीच लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
ट्रेन अपने सफर के दौरान इज्जतनगर, बरेली, कासगंज, मथुरा जंक्शन, आगरा, झांसी, नागपुर और विजयवाड़ा सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। विशेष ट्रेन के नियमित एक्सप्रेस के रूप में संचालन शुरू होने से उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र से दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वहीं, मार्ग में आने वाले प्रमुख शहरों के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा। रेलवे की ओर से ट्रेन के नियमित संचालन को लेकर जानकारी जारी कर दी गई है। इससे लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों से बेंगलुरु समेत मार्ग के अन्य प्रमुख शहरों के लिए रेल संपर्क और सुगम होने की उम्मीद है।




