- ग्राहक रजिस्टर में अधूरा विवरण और कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराने पर ₹30 हजार संयोजन शुल्क वसूला
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) नैनीताल ने हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान नियमों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर छह स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹30 हजार का संयोजन शुल्क वसूला गया। प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट म0उ0नि0 सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्पा सेंटरों में पहुंचकर अभिलेखों, ग्राहक रजिस्टर और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान कई प्रतिष्ठानों में ग्राहकों का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया था।
इसके अलावा कुछ स्पा सेंटरों में कार्यरत कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने छह स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की और कुल ₹30,000 का संयोजन शुल्क वसूल किया। पुलिस ने संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिष्ठान में काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए और स्पा में आने वाले प्रत्येक ग्राहक का पूरा एवं सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए। नैनीताल पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्पा सेंटरों समेत ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।




