- दोगांव-डोलमार के बीच मलबा आने से बाधित हुआ था आवागमन
- SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मौके पर पहुंचकर संभाली व्यवस्था
हल्द्वानी। हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर दोगांव और डोलमार के बीच मलबा आने से कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। मार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराने के निर्देश दिए। SSP के निर्देश पर पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल जेसीबी को मौके पर भेजकर सड़क पर आए मलबे को हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।
पुलिस टीम ने मौके पर यातायात को व्यवस्थित करते हुए वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया, जिससे मार्ग पर फंसे वाहन चालकों और यात्रियों को राहत मिली। मलबा हटने के बाद हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर यातायात को सुचारू कर दिया गया और वाहन अपने गंतव्य की ओर रवाना होने लगे। पुलिस द्वारा मार्ग पर स्थिति पर नजर बनाए रखी गई, ताकि दोबारा यातायात प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।




