- सुबह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस
- युवक की हालत को लेकर जांच जारी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर वार्ड नंबर 14 में बुधवार सुबह एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। जवाहर नगर चौकी के पास एक घर में युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, उत्तर प्रदेश, जवाहर नगर में परवीना पत्नी स्वर्गीय जगदीश के यहां रह रहा था। बुधवार सुबह करीब 8 बजे बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल को सूचना मिली कि अमन का शव संदिग्ध हालत में घर के अंदर पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही कोतवाल ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा और स्वयं भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। घटनास्थल से जुटाए जा रहे साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।




