हल्द्वानी/नैनीताल/रुद्रपुर। मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट और भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। दोनों जिलों में 7 सितंबर 2026, सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। नैनीताल के जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने आदेश जारी करते हुए बताया कि मौसम विभाग ने 7 सितंबर को जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। लगातार बारिश के चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलप्रवाह बढ़ने तथा संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
नैनीताल में अवकाश के दौरान विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी छुट्टी अनुमन्य होगी। हालांकि, नैनीताल शहर के ऐसे आवासीय शिक्षण संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और आवासीय सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है, इस आदेश के दायरे से बाहर रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ऊधमसिंह नगर में भी 7 सितंबर को सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण जिले की नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश, गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। ऊधमसिंह नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और तहसीलों को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।




