- भारी से बहुत भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच DM ललित मोहन रयाल का बड़ा फैसला
- कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी-निजी स्कूलों में अवकाश
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 2 सितंबर को नैनीताल जिले में Orange Alert जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने 2 सितंबर, बुधवार को जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वर्तमान में पर्वतीय और मैदानी दोनों क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। लगातार वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन ने स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। इसी तरह जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।हालांकि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। ऐसे संस्थानों में स्कूल और आवासीय व्यवस्था परिसर के भीतर ही संचालित होने के कारण उन्हें इस आदेश से बाहर रखा गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल को सभी संबंधित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश में किसी भी प्रकार का विचलन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।




