- कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत सख्त, बिना रजिस्ट्रेशन सड़क पर दौड़ रहे वाहनों को चिन्हित कर होगी कार्रवाई
नैनीताल। कुमाऊं मंडल में बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के सड़कों पर दौड़ रहे दोपहिया वाहनों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने ऐसे वाहनों की बिक्री और संचालन पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए संबंधित वाहन डीलरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। आयुक्त के क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान मामला संज्ञान में आया कि मंडल के कुछ क्षेत्रों में दोपहिया वाहन बिना रजिस्ट्रेशन नंबर आवंटित हुए ही सड़कों पर संचालित किए जा रहे हैं। नियमानुसार बिना पंजीकरण किसी भी वाहन का सार्वजनिक सड़क पर संचालन प्रतिबंधित है। इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे वाहनों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि यदि कोई वाहन डीलर वाहन खरीदने वाले व्यक्ति को बिना रजिस्ट्रेशन नंबर के वाहन बेचकर सड़क पर संचालन के लिए देता है, तो संबंधित डीलर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में डीलर पर लाइफ टाइम टैक्स के 15 गुना तक जुर्माना लगाए जाने की कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने संभागीय परिवहन अधिकारियों, हल्द्वानी और अल्मोड़ा को अपने-अपने क्षेत्रों में बिना रजिस्ट्रेशन संचालित हो रहे दोपहिया वाहनों को चिन्हित करने और संबंधित डीलरों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट सात दिनों के भीतर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। आयुक्त ने कहा कि बिना पंजीकरण वाहनों का संचालन न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क सुरक्षा और वाहन की वैध पहचान से भी जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन का उद्देश्य वाहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।





