- ओल्ड मैगी प्वाइंट के पास सड़क किनारे खड़े वाहन में मिला शव, भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
देहरादून। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गुरुवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई, जब ओल्ड मैगी प्वाइंट के पास सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन में 21 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार टकराना, कैम्पटी निवासी 21 वर्षीय मनीष कुमार पिकअप वाहन चलाने का काम करता था। वह गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे पिकअप वाहन संख्या यूके-07सीडी-7644 से मसूरी से देहरादून के लिए निकला था। इसी दौरान उसका भाई अनुज भी अपने पिकअप वाहन से देहरादून की ओर जा रहा था।
ओल्ड मैगी प्वाइंट के पास अनुज ने अपने भाई का पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़ा देखा। संदेह होने पर वह वाहन के पास पहुंचा तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। मनीष वाहन के बाएं डाले पर सफेद रंग की पतली रस्सी के सहारे फंदे पर लटका हुआ मिला। भाई ने तत्काल फंदा खोलकर उसे नीचे उतारा और वाहन के अंदर लिटाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी कराने के साथ आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







