- नैनीताल में निरीक्षण के दौरान सामने आया मामला, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली पर आयुक्त ने जताई नाराजगी
नैनीताल। नैनीताल भ्रमण के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर लापरवाही पकड़ी। उन्होंने एक 13 सीटर मैक्स कैब में क्षमता से कहीं अधिक 25 स्कूली बच्चों को सवार पाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने इसे परिवहन नियमों का खुला उल्लंघन और बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करार दिया। आयुक्त दीपक रावत ने वाहन संख्या यूके-01टीए-6767 का निरीक्षण किया, जिसमें 13 यात्रियों की क्षमता वाली मैक्स कैब में 25 स्कूली बच्चों को बैठाया गया था। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को एक ही वाहन में ले जाना उनकी सुरक्षा के लिहाज से बेहद जोखिमपूर्ण है। मौके पर स्थिति देखकर आयुक्त ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की प्रवर्तन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। आयुक्त ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि जनपद में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा स्कूली वाहनों की नियमित एवं प्रभावी चेकिंग नहीं की जा रही है।
उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में ओवरलोडिंग अथवा नियमों के उल्लंघन के कारण किसी प्रकार की दुर्घटना होती है तो परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के उच्चाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सम्भागीय परिवहन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देश दिए कि स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को ले जाने वाले सभी वाहनों की नियमित और सघन जांच की जाए। विशेष रूप से क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयुक्त ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि स्कूली बच्चों की आवाजाही में लगे वाहनों में परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







