देहरादून। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित नंदा की चौकी के पास पुलिया क्षतिग्रस्त होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि पुलिया पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि तेज बारिश के कारण उसके पास की एप्रोच रोड के नीचे से मिट्टी बह जाने से सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया।
जांच में स्पष्ट हुआ कि पुलिया को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, बल्कि अत्यधिक वर्षा के चलते एप्रोच रोड कमजोर होकर धंस गई है। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान संवेदनशील मार्गों पर सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।







