हल्द्वानी। देहरादून में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की रैली के बाद अब कांग्रेस ने कुमाऊं में अपनी राजनीतिक सक्रियता तेज कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर सोमवार को स्वराज आश्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक सुमित हृदयेश सहित पार्टी के विधायक, वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनसभा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया और कुमाऊं के सभी जिलों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे अपनी जनसभा में पेपर लीक, भ्रष्टाचार, बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति और प्रदेश से जुड़े अन्य जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। पार्टी का दावा है कि यह जनसभा कुमाऊं की अब तक की सबसे बड़ी राजनीतिक सभाओं में शामिल होगी। राहुल गांधी की देहरादून रैली के बाद कांग्रेस अब कुमाऊं में राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी है। ऐसे में 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा को आगामी राजनीतिक रणनीति और विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।







