- डीएम ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, प्लास्टिक मुक्त मेले, स्थानीय लोक संस्कृति, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर रहेगा विशेष फोकस
नैनीताल। जनपद की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 16 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक मेले को भव्य, दिव्य और पारंपरिक स्वरूप में आयोजित करने के लिए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बुधवार को अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है, इसलिए इसकी गरिमा और मौलिक स्वरूप से कोई समझौता नहीं होगा। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में विधायक सरिता आर्या, श्री राम सेवा समिति, मंदिर समिति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय लोक परंपराओं पर आधारित होंगे तथा उत्तराखंड के लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
साथ ही हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल सके। प्रशासन ने मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का निर्णय लिया है। पूरे नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया जाएगा तथा ठंडी सड़क सहित प्रमुख क्षेत्रों में विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। नगर पालिका को पंडाल, मंच, स्टॉल और अन्य व्यवस्थाओं के लिए समयबद्ध एवं पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और नगर पालिका को डोला यात्रा मार्गों की मरम्मत, लोअर मॉल रोड को सुचारू करने तथा डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड निर्माण, झूलते विद्युत तारों की मरम्मत और पेड़ों की लॉपिंग जैसे कार्य भी मेले से पहले पूरे करने को कहा गया।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसों और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल नगर की सभी मदिरा दुकानें बंद रहेंगी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि 124वां नंदा देवी मेला जनपद की सांस्कृतिक पहचान है और इसे सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक सुरक्षित, व्यवस्थित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध आयोजन का अनुभव मिल सके।







