हल्द्वानी/बाजपुर। बाजपुर सिविल कोर्ट में कोर्ट फीस के नाम पर रिश्वत मांगना एक नायब नाजिर को भारी पड़ गया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर सिविल कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कोर्ट में लंबित एनआई एक्ट के एक मामले में राजीनामा दाखिल कराने के एवज में कोर्ट फीस के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है। विजिलेंस के अनुसार शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत की थी कि उसके विरुद्ध सिविल कोर्ट बाजपुर में एनआई एक्ट का वाद विचाराधीन है। मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका है, लेकिन राजीनामा दाखिल कराने के लिए कोर्ट में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान उससे 3,500 रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था और उसने आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की मांग की।
शिकायत का सत्यापन प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर न्यायालय परिसर स्थित कार्यालय में आरोपी ओम चौहान को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी ओम चौहान ऊधमसिंह नगर जनपद के जसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम निवाड़मुंडी का निवासी है। मामले में विजिलेंस द्वारा अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ट्रैप कार्रवाई पर निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगने की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार उन्मूलन अभियान में अपना योगदान दे सकता है।









