गोरखपुर/लालकुआँ। उत्तराखंड और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने लालकुआँ-राजकोट-लालकुआँ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन (05045/05046) के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। अब यह विशेष ट्रेन लालकुआँ से 19 जुलाई से 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार तथा राजकोट से 20 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार कुल 11 अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित की जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, 05045 लालकुआँ-राजकोट स्पेशल प्रत्येक रविवार को दोपहर 12:35 बजे लालकुआँ से रवाना होगी और किच्छा, बहेड़ी, इज्जतनगर, बरेली, कासगंज, मथुरा, जयपुर, जोधपुर, महेसाणा, सुरेंद्रनगर और वांकानेर सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी।
वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआँ स्पेशल प्रत्येक सोमवार रात 10:30 बजे राजकोट से रवाना होकर निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए तीसरे दिन सुबह 5:15 बजे लालकुआँ पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 11 स्लीपर, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 2 एसी थर्ड, 1 एसी सेकेंड और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे। रेलवे का मानना है कि संचालन अवधि बढ़ने से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।





