- लगातार बारिश के बीच भूस्खलन से यात्री वाहन चपेट में आया, रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पूरे परिवार की बचाई गई जान
पौड़ी। लगातार हो रही बारिश के बीच पौड़ी जिले के सतपुली-पौड़ी मोटर मार्ग पर गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मार्ग से गुजर रही एक दी कार अचानक पहाड़ी से गिरे भारी मलबे और पत्थरों की चपेट में आ गई। वाहन में चालक सहित एक ही परिवार के छह लोग सवार थे। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, थाना सतपुली से सूचना मिलने पर एसडीआरएफ पोस्ट सतपुली की टीम सब इंस्पेक्टर सावर सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लगातार बारिश और भूस्खलन की आशंका के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने पूरी सतर्कता और दक्षता के साथ वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बताया गया कि वाहन में संपत्ति देवी (68), दिलबर सिंह (46), करिश्मा नेगी (36), प्रशांत नेगी (13), ओजस नेगी (8) तथा चालक सवार थे। सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं और थैलीसैंण से दिल्ली जा रहे थे। समय रहते राहत दल के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग सुरक्षित बचा लिए गए। घटना के बाद एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने प्रदेशवासियों और यात्रियों से अपील की कि लगातार हो रही बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई हिस्सों में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या एसडीआरएफ को सूचना दें, क्योंकि समय पर सतर्कता ही किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।





