देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र के भुड्डी गांव में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का दून पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जिस छोटे भाई ने खुद को पीड़ित बताकर अज्ञात हमलावरों पर हत्या का आरोप लगाया था, वही अपने बड़े भाई का हत्यारा निकला।पुलिस जांच में सामने आया कि नशे और फिजूलखर्ची की आदतों को लेकर होने वाले विवाद तथा पिता के खाते से लाखों रुपये निकालने पर हुई पिटाई का बदला लेने के लिए उसने अपने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी। रविवार देर रात पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के भुड्डी गांव में सोहेल हारून की घर के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद छोटे भाई शाहिद हारून ने दावा किया था कि कुछ अज्ञात लोग घर में घुसे और उसके भाई को गोली मारकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक और एसओजी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को कई ऐसे तथ्य मिले जिन्होंने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग गायब मिली और आसपास के कैमरों में कोई बाहरी व्यक्ति घर में आता-जाता दिखाई नहीं दिया। इसी बीच घर के बाथरूम से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने जब मृतक के छोटे भाई शाहिद से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पूरा सच उगल दिया।
पूछताछ में शाहिद ने बताया कि वह नशे का आदी है और महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर घर से पैसे लेता था।कुछ समय पहले माता-पिता के हज पर जाने के बाद उसने चोरी-छिपे पिता का एटीएम अपने कब्जे में लेकर खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए थे। इस बात की जानकारी होने पर बड़े भाई सोहेल ने उसकी जमकर पिटाई की थी। इसी अपमान और नाराजगी के चलते उसने अपने भाई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार शाहिद ने दो दिन पहले ही घर के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी और घटना वाली रात घर में रखी 32 बोर की देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने हथियार को बाथरूम में छिपा दिया और अज्ञात हमलावरों की कहानी गढ़ दी। इतना ही नहीं, खुद पर शक न जाए इसके लिए शाहिद ने गांव के लोगों को उकसाकर मृतक के शव को देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगवा दिया। पुलिस का मानना है कि यह पूरी कार्रवाई जांच को भटकाने और खुद को पीड़ित साबित करने की साजिश का हिस्सा थी। हाईवे जाम कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में शाहिद समेत अन्य नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित पुलिस और एसओजी टीम की त्वरित कार्रवाई से इस हत्याकांड का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल बरामद कर आरोपी शाहिद हारून को गिरफ्तार कर लिया है।







