हल्द्वानी। जनसुरक्षा, अग्नि सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को व्यापक अभियान चलाते हुए होटलों, गेस्ट हाउसों और निजी क्लीनिकों पर संयुक्त निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित विभागों ने मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए दवाइयां सीज कीं और आवश्यक निर्देश जारी किए। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहर के व्यावसायिक और स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर राजस्व, अग्निशमन, पर्यटन और पुलिस विभाग की संयुक्त समिति ने हल्द्वानी और काठगोदाम क्षेत्र के होटल कुटुम्ब, होटल इमपिरियो, होटल रेडियम तथा एन.जेड. गेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। जांच के दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, जल भंडारण और पार्किंग व्यवस्था सहित विभिन्न सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।
निरीक्षण में कई अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां और दस्तावेजी त्रुटियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ मौके पर चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही दो होटलों का पर्यटन विभाग में पंजीकरण नहीं मिलने पर पर्यटन विभाग ने भी तत्काल कार्रवाई की। इसी क्रम में प्रशासन, चिकित्सा, औषधि, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने राजपुरा क्षेत्र में संचालित कुछ क्लीनिकों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान रॉय क्लीनिक में आयुर्वेदिक लाइसेंस होने के बावजूद एलोपैथिक दवाइयां रखी और उपयोग की जाती हुई मिलीं। इस पर ड्रग इंस्पेक्टर ने तत्काल दवाइयों को सीज कर चालानी कार्रवाई की। साथ ही बिना फायर लाइसेंस के संचालन पाए जाने पर फायर सेफ्टी अधिकारी ने भी कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान एक अन्य हेल्थ केयर सेंटर में नैचुरोपैथी का लाइसेंस होने के बावजूद एलोपैथिक दवाइयां मिलने पर उन्हें भी सीज कर दिया गया। दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ एसीएमओ द्वारा क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई अमल में लाई गई।






