देहरादून। मसूरी रोड के झड़ीपानी क्षेत्र में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक कार अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार झड़ीपानी क्षेत्र में एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। सहस्त्रधारा पोस्ट से अपर उपनिरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पुलिस और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटनास्थल अत्यंत दुर्गम और खतरनाक ढलानों वाला होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। बचाव दलों ने जोखिम उठाते हुए खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार वाहन में सवार सभी चार लोगों की दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी सत्यप्रकाश, गाजियाबाद निवासी 19 वर्षीय मानित, गाजियाबाद निवासी सविता (48) पत्नी धर्मवीर तथा दिल्ली के करोलबाग निवासी संगीता (46) पत्नी टीटू के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। रेस्क्यू टीमों द्वारा शवों को खाई से निकालकर मुख्य सड़क तक पहुंचाने का कार्य किया गया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।







