हल्द्वानी। जनसुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर सोमवार को प्रशासन, अग्निशमन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान तीन प्रतिष्ठानों में फायर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) नहीं मिलने पर प्रशासन ने नोटिस जारी करते हुए सीलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संयुक्त निरीक्षण दल ने गोलापार स्थित एनएच मार्ट और रुकैया ट्रेडिंग कम्पनी के अलावा रामपुर रोड स्थित रूद्रा ट्रेडर्स तथा शनि बाजार स्थित मेडी सेंटर हॉस्पिटल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन और अन्य सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।
निरीक्षण में एनएच मार्ट, रुकैया ट्रेडिंग कम्पनी और रूद्रा ट्रेडर्स में अग्निशमन विभाग से संबंधित आवश्यक अनुमति एवं फायर एनओसी उपलब्ध नहीं पाई गई। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार नोटिस जारी कर दिए हैं तथा सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।निरीक्षण के दौरान अन्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस, सुरक्षा अभिलेखों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की गई तथा आवश्यक कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका आर्या ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण अभियान चलाए जाएंगे, ताकि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जा सके और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।







