हल्द्वानी। शहर में ईद-उल-अजहा का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही शहर की प्रमुख ईदगाह और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने ईद की विशेष नमाज़ अदा की। नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और भाईचारे, प्रेम एवं सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। त्योहार को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र शहरभर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस, पीएसी और क्यूआरटी की टीमें लगातार गश्त करती रहीं, जबकि प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं फील्ड में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते दिखाई दिए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई। प्रशासन की सतर्कता और नागरिकों के सहयोग से शहर में ईद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिससे पूरे शहर में भाईचारे और खुशियों का संदेश देखने को मिला।












