देहरादून। भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इस क्रम में नगर निगम देहरादून के सुपरवाइजर/सफाई नायक को चालान निपटाने के नाम पर रिश्वत मांगना भारी पड़ गया। सतर्कता विभाग की ट्रैप टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की अवैध रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद नगर निगम महकमे में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी कि चांदचक रोड बंजारावाला स्थित उसकी ऑटो पार्ट्स की दुकान के पास पानी फैला होने पर नगर निगम की ओर से उत्तराखंड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम-2016 के तहत 10 हजार रुपये का चालान किया गया था।
आरोप है कि उक्त चालान को निपटाने के एवज में नगर निगम देहरादून में तैनात सुपरवाइजर/सफाई नायक अंकुश कुमार ने 3 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। सतर्कता विभाग ने शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा दर्ज किया और पुलिस अधीक्षक सतर्कता के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत टीम ने सोमवार को आरोपी अंकुश कुमार को शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। मामले में आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि सतर्कता अधिष्ठान ने आमजन से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर दर्ज कराने की अपील की है।







