हल्द्वानी/नैनीताल। खनन परिवहन में अवैध वसूली और दबाव बनाकर रिश्वत मांगने के आरोप में विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनीताल जनपद में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टोल फ्री नंबर 1064 पर मिली शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह सरकारी खनन पट्टे से आरबीएम (RBM) निकालने का कार्य करता है तथा परिवहन के लिए वाहनों के माध्यम से स्थानीय स्टोन क्रेशरों तक सामग्री भेजी जाती है। आरोप है कि थाना बेतालघाट में तैनात कांस्टेबल दीपक सिंह परिवहन कार्य में अनावश्यक रोकटोक कर रहा था और चालान व वाहन सीज कराने का भय दिखाकर 45 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विजिलेंस के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित कर योजनाबद्ध कार्रवाई की गई। टीम ने सोमवार को आरोपी कांस्टेबल दीपक सिंह को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में नैनीताल जनपद के थाना बेतालघाट में तैनात था। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में खलबली मच गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस बीच निदेशक विजिलेंस डॉ० वी मुरुगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कर भ्रष्टाचार विरोधी अभियान को मजबूत बनाया जा सकता है।





