हल्द्वानी। जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और एसडीएम प्रमोद कुमार ने संयुक्त रूप से शहर के कई पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टॉक, सप्लाई व्यवस्था और उपभोक्ताओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि जिले में किसी प्रकार की ईंधन कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
प्रशासन के अनुसार जनपद नैनीताल में कुल 99 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। प्रशासन लगातार हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम सहित सभी तेल कंपनियों के अधिकारियों और डीलरों के साथ समन्वय बनाए हुए है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचनाएं फैलाकर लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और आवश्यकता से अधिक ईंधन खरीदकर अनावश्यक भीड़ न बढ़ाएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।







