- एआरटीओ की छापेमारी में HSRP सेंटर सील, जांच में सामने आई गंभीर अनियमितताएं
देहरादून। राजधानी देहरादून में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) बनाने के नाम पर चल रहे कथित फर्जीवाड़े का बड़ा खुलासा हुआ है। परिवहन विभाग की टीम ने सिल्वर सिटी स्थित एम्बोसिंग स्टेशन पर छापेमारी कर गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं, जिसके बाद संदिग्ध संस्थान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। मामले में अब विधिक कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। एआरटीओ प्रशासन चक्रपाणि मिश्र, टीटीओ प्रज्ञा पंथ और नई पंजीयन शाखा प्रभारी दौलत राम पांडे की संयुक्त टीम ने सिल्वर सिटी स्थित एचएसआरपी एम्बोसिंग स्टेशन और आरटीओ कार्यालय के पास संचालित AN Enterprises का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि संस्थान द्वारा HSRP नंबर प्लेट बनाई जा रही थीं, जबकि मुख्यालय से लाइसेंस किसी अन्य फर्म के नाम पर जारी था।
निरीक्षण के दौरान संस्थान संचालकों द्वारा नंबर प्लेट निर्माण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जांच टीम को एक ऐसी नंबर प्लेट भी मिली, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर किसी अन्य वाहन पर दर्ज था और उसका लेजर नंबर भी अलग पाया गया। मौके पर मौजूद कर्मचारी ऑनलाइन रिकॉर्ड या आवश्यक दस्तावेज दिखाने में भी असफल रहा। मामले को गंभीर मानते हुए एआरटीओ प्रशासन को विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रारंभिक जांच के आधार पर AN Enterprises के कार्यालय को अग्रिम आदेशों तक सील कर दिया गया है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की टीम को शहर में अवैध तरीके से नंबर प्लेट बनाने वाले अन्य संस्थानों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






