रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए “ऑपरेशन साइबर प्रहार” के तहत व्यापक अभियान छेड़ दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में पुलिस ने सैकड़ों म्यूल बैंक खातों और फर्जी सिम कार्ड नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही दिन में 24 अभियोग दर्ज कर 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिससे साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि साइबर ठग फर्जी सिम कार्ड के जरिए म्यूल अकाउंट संचालित कर आम लोगों से ठगी की गई रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर रहे थे, जिससे जांच को जटिल बनाया जा सके। पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए ऐसे नेटवर्क को ट्रैक कर सैकड़ों संदिग्ध खातों को चिन्हित किया है, जिनमें से कई को फ्रीज करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही इन खातों से जुड़े लोगों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।
चारधाम यात्रा को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतते हुए हेली बुकिंग फ्रॉड, फर्जी वेबसाइट, कॉल सेंटर ठगी और पेंशन फ्रॉड जैसे मामलों पर भी सख्त नजर रखी है। विभिन्न थाना क्षेत्रों रुद्रपुर, काशीपुर, गदरपुर, बाजपुर, किच्छा, जसपुर, नानकमत्ता और दिनेशपुर में लगातार छापेमारी कर संदिग्ध ठिकानों पर कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि साइबर अपराध में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि ऑनलाइन बुकिंग या किसी भी डिजिटल सेवा के लिए केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें। पुलिस ने यह भी कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी।







