हल्द्वानी। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही किताबों और स्कूलों की मनमानी पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया है। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देश पर रविवार को हल्द्वानी नगर क्षेत्र में तीन संयुक्त टीमों ने विभिन्न बुक सेलर्स पर छापेमार निरीक्षण करते हुए किताबों की सूची, रेट लिस्ट और बिलों की गहन जांच की। इस दौरान कई अहम अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत मिल गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार के नेतृत्व में गठित टीमों ने कालाढूंगी रोड और मंगल पड़ाव क्षेत्र के प्रमुख बुक डिपो का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अभिभावकों से बातचीत में यह तथ्य सामने आया कि कुछ विद्यालय विशेष दुकानों से ही किताबें खरीदने के लिए बाध्य कर रहे हैं। इस पर शिक्षा विभाग को संबंधित स्कूलों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कई विद्यालय एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम से हटकर अन्य महंगी किताबें लागू कर रहे हैं, जिनका मूल्य भी अधिक है। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए ऐसी पुस्तकों के औचित्य और कीमत की जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही प्ले ग्रुप से लेकर यूकेजी तक कक्षाएं संचालित करने वाले कुछ विद्यालयों की मान्यता और पंजीकरण की भी जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। टीमों ने दुकानों से एनसीईआरटी पुस्तकों के सैंपल लेकर उनके आईएसबीएन नंबरों के सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है, जबकि बिलिंग में संभावित गड़बड़ियों की जांच राज्य कर विभाग को सौंपी गई है। निरीक्षण के दौरान बुक सेलर्स को ग्राहकों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों को प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।






