हल्द्वानी/धारी। वन पंचायत की भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। धारी क्षेत्र के सुंदरखाल गांव में बिल्डर्स द्वारा वन पंचायत की जमीन पर किए जा रहे अतिक्रमण को चिन्हित कर न केवल उसे हटाया गया, बल्कि मामले में जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की गई है। उपजिलाधिकारी धारी अंशुल भट्ट के नेतृत्व में प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पाया कि वन पंचायत भूमि पर अवैध रूप से सड़क निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान तत्काल कार्रवाई करते हुए कब्जे को हटाया गया और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन पंचायत सुंदरखाल के सरपंच को वन पंचायत अधिनियम के तहत निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन ने इस पूरे प्रकरण में सख्ती दिखाते हुए राजस्व उपनिरीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान के दौरान तहसीलदार धारी मनीषा बिष्ट सहित राजस्व और वन विभाग के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।





