देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। शराब के नशे में पेट्रोल पंप पर हंगामा कर रहे व्यक्ति को पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है और मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इनकार कर रहा है और नशे की हालत में कर्मचारियों से अभद्रता कर रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काबू में नहीं आया, जिसके बाद उसे वाहन सहित थाने लाया गया।
पूछताछ में उसकी पहचान सुनील रतूड़ी (45 वर्ष) निवासी तपोवन रोड, देहरादून के रूप में हुई। अल्कोहल जांच में उसके शरीर में शराब की मात्रा निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक पाई गई। पुलिस के अनुसार, थाने में भी वह लगातार हंगामा करता रहा, जिसके चलते उसे हवालात में बंद किया गया। कुछ समय बाद निगरानी के दौरान वह बेहोशी की हालत में मिला। तत्काल पुलिस द्वारा उसे कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी गई। पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं, साथ ही पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा।







