नैनीताल/हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में आगामी दो दिनों तक राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहने वाली हैं।जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 मार्च 2026 को एक दिवसीय दौरे पर नैनीताल पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रक्षा मंत्री सुबह त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन बरेली से प्रस्थान कर पूर्वाह्न 11:15 बजे घोड़ाखाल हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां वे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित हीरक जयंती समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद वे दोपहर में हल्द्वानी पहुंचकर एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह पुनः बरेली के लिए रवाना होंगे।

इसी क्रम में एक दिन पूर्व 20 मार्च को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी नैनीताल जनपद के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री गोलापार हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में रक्षा मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे और स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। प्रशासन ने दोनों वीआईपी दौरों को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जनसभा और समारोह को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के लगातार दौरों को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है, वहीं स्थानीय स्तर पर भी इन कार्यक्रमों को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।












