हल्द्वानी। बनभूलपुरा हिंसा प्रकरण में उत्तराखंड उच्च न्यायालय से राहत का सिलसिला जारी है। ताजा घटनाक्रम में पूर्व पार्षद शकील अंसारी, असलम चौधरी और अब्दुल रहमान को जमानत मिल गई है। पूर्व पार्षद शकील अंसारी की जमानत की पुष्टि उनके पुत्र एवं पार्षद समीर अंसारी ने की, जबकि अब्दुल रहमान को जमानत मिलने की जानकारी जमीयत उलेमा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई। जमीयत उलेमा ए हिंद (मौलाना अरशद मदनी) की ओर से जारी बयान में इसे एक बड़ी कानूनी सफलता बताया गया है।

संगठन के हल्द्वानी शहर अध्यक्ष मौलाना मोहम्मद आसिम ने कहा कि 8 फरवरी 2024 को हुए बनभूलपुरा हिंसा मामले में अब तक 101 आरोपियों में से 86 लोगों को जमानत मिल चुकी है, जिसमें संगठन की ओर से की गई पैरवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि जमीयत उलेमा ए हिंद शुरुआत से ही इस मामले में सक्रिय रूप से कानूनी सहायता प्रदान कर रही है और लगातार राहत मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शेष आरोपियों को भी जल्द ही न्यायालय से राहत मिलेगी।






