हल्द्वानी। शहर के व्यस्त और पॉश माने जाने वाले स्टेडियम क्षेत्र से रामपुर रोड तक एक युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक लगातार युवती का पीछा करते रहे और उस पर अशोभनीय टिप्पणियां करते रहे। बताया जा रहा है कि युवती अपने भाई के साथ बाइक पर थी और दोनों डर के साए में सड़कों पर चिल्लाते हुए खुद को बचाने की कोशिश करते रहे। आरोपियों की हरकतें इतनी दुस्साहसपूर्ण थीं कि उन्होंने बीच सड़क पर भी युवती का पीछा करना नहीं छोड़ा।इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवती की घबराहट और आरोपियों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं।

वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो संज्ञान में आने के बाद पुलिस ने तुरंत मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की पहचान कर ली है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





